logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*यूपी में बिजली कटौती पर CM योगी सख्त: गांवों में 18 और शहरों में 24 घंटे आपूर्ति का निर्देश।

*यूपी में बिजली कटौती पर CM योगी सख्त: गांवों में 18 और शहरों में 24 घंटे आपूर्ति का निर्देश*

*लखनऊ, 23 मई 2026.* उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से जनता बेहाल है। दिन में लू के थपेड़े और रात में अघोषित कटौती से लोग परेशान होकर सड़कों पर उतर आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है।

*CM योगी का सख्त आदेश*
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड अध्यक्ष ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 18 घंटे और शहरी इलाकों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए रात में अचानक लोड बढ़ने वाले क्षेत्रों में जांच अभियान चलाने को कहा गया है। साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया।

*अधिकारी अलर्ट, लखनऊ में 22 अफसर तैनात*
CM की नाराजगी के बाद अधिकारी अलर्ट मोड में आ गए हैं। MD मध्यांचल रिया केजरीवाल ने बताया कि राजधानी लखनऊ में पीक आवर में निर्बाध आपूर्ति के लिए 22 अधीक्षण/अधिशाषी अभियंता तैनात किए गए हैं। ये सभी अधिकारी 31 मई तक रात 9 बजे से 1 बजे तक अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे। सभी के नाम और नंबर सार्वजनिक कर दिए गए हैं ताकि बिजली समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके।

*लापरवाही पर कार्रवाई शुरू*
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के MD रवीश गुप्ता ने कहा कि ब्रेकडाउन या विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर सप्लाई बहाल की जाए। किसी भी लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। इस मामले में दो अधिकारियों को निलंबित भी किया जा चुका है।

*ऊर्जा मंत्री का बयान*
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि हम शहरों में लगभग 24 घंटे, तहसीलों में 22 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली दे रहे हैं। डिमांड अधिक होने से तकनीकी दिक्कतों की वजह से कभी-कभी शट डाउन करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं अब कम हुई हैं।

*शिकायत के लिए हेल्पलाइन*
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने को कहा है। विभाग ने भरोसा दिया है कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

फिलहाल प्रदेश के 14 जिलों में आने वाले पश्चिमांचल डिस्कॉम के अधिकारियों को भी टाइट किया गया है। CM योगी ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

4
59 views

Comment