logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का जिलेभर में भव्य आगाज* *गंगा दशहरा पर वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ*

*वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का जिलेभर में भव्य आगाज*
*गंगा दशहरा पर वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ*
*जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान*
खैरथल हीरालाल भूरानी
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ सहजमाल पार्क स्थित जलाशय से शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जिला प्रभारी सचिव पूनम की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर द्वारा कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर की गई। यह कलश यात्रा नगर परिषद खैरथल से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौराहा एवं सेटेलाइट हॉस्पिटल मार्ग से होते हुए सहजमाल पार्क स्थित जलाशय पर पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव पूनम, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, पूर्व विधायक रामहेत यादव, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी सहित उपस्थित अतिथियों ने जलाशय का विधिवत पूजन कर श्रमदान किया। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा आमजन को तुलसी एवं पीपल के पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि वंदे गंगा अभियान केवल जल संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का जनआंदोलन है। उन्होंने अपने उद्बोधन में राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणाओं में जल संरक्षण हेतु किए गए प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से तालाबों, बावड़ियों, जलाशयों एवं वर्षा जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि जल बचाने को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सक्रिय सहयोग करें।
जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की स्वच्छता एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने तथा गांव-गांव और शहर-शहर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जल शपथ का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए जूट के बैग एवं परिंडों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

0
0 views

Comment