logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शारदा नदी में डूबी 14 वर्षीय किशोरी, सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना खमरिया और तंबौर पुलिस, तलाश जारी

लखीमपुर, खीरी। थाना खमरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखपेड़ा निवासी जगदीश पुत्र मतई गौतम की 14 वर्षीय पुत्री कोमल शारदा नदी में डूब गई। घटना के बाद परिजन सहित पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई ।
जानकारी के अनुसार कोमल गांव की कुछ महिलाओं एवं बच्चों के साथ तरबूज लेने के लिए ग्राम पंचायत सेतुही मजरा परेवा परेई गई थी। बताया जाता है कि काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद पता चला कि वह परेवा क्षेत्र के पास शारदा नदी में अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
साथ गई लखपेड़ा निवासी सुरेश की पत्नी एवं बच्चों ने घटना की जानकारी गांव निवासी विश्राम निषाद पुत्र खुशीराम को दी। इसके बाद विश्राम निषाद ने तुरंत परिजनों एवं ग्रामीणों को सूचित किया, जिस पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई, नदी से कुछ दूर शीशम के पेड़ के नीचे किशोरी की चप्पल, तरबूज बोरी, और साल रखी मिली।
घटना की सूचना डायल 112, थाना खमरिया तथा थाना तंबौर पुलिस को भी दी गई। सूचना पर सबसे पहले खमरिया थाना अध्यक्ष निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू कराया गया।
चूंकि घटना स्थल सीतापुर जनपद के थाना तंबौर क्षेत्र में आता है, इसलिए संबंधित थाने की पुलिस को भी सूचित किया गया। इसके बाद दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुट गई, शाम तक सर्च अभियान चलता रहा लेकिन किशोरी नहीं मिली।
थाना अध्यक्ष निर्मल तिवारी ने बताया कि भले ही घटना स्थल उनके थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, लेकिन किशोरी उनके ही थाना क्षेत्र की निवासी है, इसलिए वे तुरंत मौके पर पहुंचे और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उनके इस संवेदनशील रवैये की ग्रामीणों ने सराहना की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि हर विभाग में ऐसे ही जिम्मेदार अधिकारी हों तो जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम द्वारा लगातार नदी में तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई पता नहीं चल सका था।
इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि जगदीश की चार बेटियां थीं, जिनमें से एक की पहले शादी हो चुकी है, एक की बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी है, और अब यह दर्दनाक घटना परिवार पर एक और बड़ा आघात बनकर टूटी है। सर्च अभियान लगातार जारी है खबर लिखे जाने तक किशोरी का पता नहीं चल सका।

15
758 views

Comment