पलामू के चैनपुर में रामपुर गोलीकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में 23 मई को हुई गोलीकांड के दो आरोपियों गोलू सिंह और ब्रह्मदेव सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रामपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक खोखा भी बरामद किया है। गोलू सिंह पर फायरिंग करने का आरोप है। इस घटना में जमीन विवाद के चलते फायरिंग हुई थी, जिसमें युवक सकेंद्र चौधरी की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
फायरिंग से पहले आरोपियों ने विधवा मधु चौधरी के घर को गिराया था। मधु चौधरी के बयान के आधार पर पुलिस ने 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर गोलू सिंह और ब्रह्मदेव सिंह को गिरफ्तार किया। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले में अभी भी जांच जारी है। घटना के विरोध में रामपुर और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने पलामू समाहरणालय का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।