मोहनगढ़ थाने की कमान पहली बार महिला अधिकारी के हाथ :-
- - - - आजादी के बाद पहली महिला थाना अधिकारी बनीं गीता बिश्नोई, संभाला पदभार :- मोहनगढ़(जैसलमेर) - आजादी के बाद पहली बार मोहनगढ़ पुलिस थाने में किसी महिला अधिकारी को थाना अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। गीता बिश्नोई ने शनिवार को मोहनगढ़ पुलिस थाने में थाना अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनकी नियुक्ति को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। पदभार ग्रहण करने के बाद गीता बिश्नोई ने शाम के समय मोहनगढ़ बाजार का निरीक्षण किया तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से संवाद कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। गीता बिश्नोई इससे पहले जोधपुर कमिश्नरेट, नागौर, बाड़मेर, महिला पुलिस थाना जैसलमेर में सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने एसपी कार्यालय में मानव तस्करी प्रकोष्ठ में भी अपनी सेवाएं दी हैं। अब उन्हें मोहनगढ़ पुलिस थाने में थाना अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त थाना अधिकारी गीता बिश्नोई ने बताया कि मोहनगढ़ क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था सुधारने, रात्रि में गश्त बढ़ाने तथा आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक से समय-समय पर मिलने वाले निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाएगी।