संशोधित :- ईद पर्व को लेकर मोहनगढ़ थाने में सीएलजी बैठक आयोजित :-
- - - - शांति, भाईचारा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस ने की अपील :-
मोहनगढ़ - पुलिस थाना परिसर में सोमवार की साय को सीएलजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नव नियुक्त थाना अधिकारी डॉ. गीता बिश्नोई ने की। इस दौरान हेड मोहरियर भोजराज सिंह भी मौजूद रहे। बैठक का आयोजन मुस्लिम समुदाय के धार्मिक त्योहार ईद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने को लेकर किया गया। थाना अधिकारी डॉ. गीता बिश्नोई ने उपस्थित लोगों से ईद के अवसर पर भाईचारा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने कस्बे की यातायात व्यवस्था सुधारने, पिछले कई महीनों से बंद पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त करवाने सहित अन्य समस्याओं से थाना अधिकारी को अवगत करवाया। इस पर थाना अधिकारी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्य बाजार में व्यापारियों द्वारा दुकानों के आगे सड़क किनारे सामान डालकर किए गए अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही। साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा तैयार किए गए मोबाइल एप के माध्यम से बाहर से आने वाले व्यक्तियों का ऑनलाइन सत्यापन करने की जानकारी भी दी। सीएलजी बैठक में पूर्व सरपंच लक्ष्मण दास खत्री, व्यापार मंडल मोहनगढ़ अध्यक्ष सत्यनारायण चांडक, राधेश्याम गांधी, शिक्षाविद राणाराम सुथार, रुपाराम माली, रूपचंद सोनी, मुकुंद वासु, शेर सिंह नरावत, आजम खां सांवरा, बाबूसिंह, स्वरूप सुथार सहित अन्य ग्रामीण एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।