जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीषण गर्मी में जनता से की अपील
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में नौतपा के कारण जारी भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और लू के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ व्यक्तियों का खास ध्यान रखने का आग्रह किया और अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचने को कहा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने जनता से सेवा, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना के साथ जरूरतमंदों की सहायता करने, सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, छांव और शीतल जल की व्यवस्था में सहयोग करने तथा पशु-पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सजगता और सहयोग से ही इस भीषण गर्मी का सुरक्षित और सामूहिक सामना किया जा सकता है।