छत्तीसगढ़ में बदला मौसम आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम बदला
छत्तीसगढ़ : नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शुक्रवार सुबह अंबिकापुर और सूरजपुर जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में धूलभरी आंधी चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। प्रदेश के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन दुर्ग में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरुवार को रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश से कई जगह पेड़ गिर गए थे। बालोद जिले में लगातार चमगादड़ों की मौत के बाद वन विभाग द्वारा पेड़ों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि उत्तर प्रदेश से आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन दोनों सिस्टम्स के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ की ओर आ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गर्म हवा और नमी वाली हवाओं के टकराने से वातावरण अस्थिर हो जाता है, जिससे तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश जैसी गतिविधियां बढ़ जाती हैं।