logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 100 से अधिक वाहनों के कटे चालान

शाहजहांपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस और नगर निगम प्रवर्तन दल ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के नेतृत्व में जिला कारागार से अंटा चौराहा, बेरी चौकी होते हुए मालखाना मोड़ तक अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान अस्पतालों और मुख्य मार्गों के बाहर सड़क तक फैले दुकानों के सामान, अवैध ठेले और अतिक्रमण हटवाए गए। वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़े और बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी सख्ती दिखाई गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में जाम की समस्या के कारण एम्बुलेंस और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया ताकि आपातकालीन सेवाओं का आवागमन सुचारू बना रहे।

अभियान के दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण या अवैध पार्किंग मिलने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि अस्पतालों और मुख्य मार्गों के आसपास वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा दुकान का सामान सड़क पर न फैलाएं।

यातायात पुलिस का कहना है कि शहर को जाम मुक्त और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

0
0 views

Comment