logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश में चलेगा व्यापक जनसंपर्क अभियान

मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा, 05 जून से 21 जून तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में मंत्रिमंडल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विकास, विश्वास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगामी 05 जून से 21 जून तक प्रदेश में चलाए जाने वाले ‘व्यापक जनसंपर्क अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर लंबी ‘प्रगति पथ यात्रा’ आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधिगण गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे तथा ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। साथ ही, प्रबुद्धजन, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 11 एवं 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मंत्रीगण जनपद स्तर पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। वहीं 13 एवं 14 जून को सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में मीडिया संवाद के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून के बीच प्रदेश के सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण मेले आयोजित किए जाएं। इन मेलों में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य मेले एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 16 एवं 17 जून को जनपद स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किए जाएं, जिसमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे। युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गोष्ठियां आयोजित कर किसानों, कृषि विशेषज्ञों तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसके अतिरिक्त 18 एवं 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा एवं विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 825 विकास खंडों एवं 700 से अधिक नगरीय निकायों में व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

10
529 views

Comment