31 मई को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
शाहजहांपुर। आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों और केंद्र पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 2993 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले शुरू होगा, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की दो प्रतियां, एक अतिरिक्त फोटो और एक पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
जनपद में गांधी फैजाम डिग्री कॉलेज, स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और आर्य महिला पीजी कॉलेज समेत कुल सात केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।