जावद: शीतला माता मंदिर परिसर में आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर आक्रोश
जावद: खोर दरवाजा, कंठाल चौराहा के समीप वार्ड नंबर 7 में स्थित सुप्रसिद्ध शीतला माता मंदिर परिसर में आपत्तिजनक सामग्री मिलने की सूचना से शनिवार को नगरवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मंदिर परिसर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह मंदिर परिसर में आपत्तिजनक सामग्री दिखाई दी, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी गई। यह खबर पूरे नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल गई, जिससे नाराजगी बढ़ गई। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जांच जारी है, जबकि विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।