झोझू कलां महिला महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचे शिक्षा मंत्री, 650 छात्राओं को बांटी डिग्रियां
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा झोझू कलां महिला महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 650 छात्राओं को डिग्रियां वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने शिक्षक तबादला नीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी करने के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन कोर्ट में लंबित मामलों और नए न्यायिक आदेशों के कारण प्रक्रिया में देरी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा पर कोई सवाल नहीं है और जल्द ही सभी कानूनी अड़चनों को दूर कर तबादला प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
महिपाल ढांडा ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों के तबादलों का रास्ता जल्द साफ होगा और पारदर्शी तरीके से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है।
गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर भी मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार मंथन कर रही है। अदालत के आदेशों का पालन करते हुए शिक्षकों के हितों की रक्षा की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें और बातचीत जारी हैं ताकि जल्द सकारात्मक समाधान निकाला जा सके।
#हरियाणा #महिपालढांडा #शिक्षामंत्री #दीक्षांतसमारोह #झोझूकलां #महिलामहाविद्यालय #शिक्षक_तबादला #गेस्टटीचर #हरियाणाशिक्षाविभाग #samacharsansarnews24