सीकर: जिला प्रशासन ने अत्यधिक गंभीर मौसम चेतावनी पर अलर्ट जारी किया
सीकर: जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मौसम विभाग द्वारा जारी अत्यधिक गंभीर आंधी, बारिश एवं वज्रपात की चेतावनी के मद्देनजर आमजन और विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी आपदा या जन-धन हानि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा है।
आशीष मोदी ने अधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें, और बिजली कड़कने एवं तेज आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा खुले स्थानों से दूरी बनाएं। जिला प्रशासन स्थिति पर सतत नजर रखे हुए है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।