कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन, पांढुरना में जिला कांग्रेस की अहम बैठक संपन्न
कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन, पांढुरना में जिला कांग्रेस की अहम बैठक संपन्न
पांढुरना। जिला कांग्रेस कमेटी पांढुरना के तत्वावधान में पांढुरना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के सभी अनुसांगिक संगठनों, प्रकोष्ठों तथा नवनियुक्त अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी हेमंत वागद्रे एवं महिला जिला कांग्रेस प्रभारी तथा प्रदेश कांग्रेस सचिव किरण चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उईके, विधायक नीलेश उईके, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा विलास जोगी, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता तूमड़ाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास डोंगरे, नांदनवाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष रवि खापरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
इस अवसर पर महिला जिला कांग्रेस प्रभारी किरण चौधरी का महिला कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा विलास जोगी, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता तूमड़ाम एवं महिला संगठन की पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं एवं सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में किरण चौधरी ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन विस्तार में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बैठक के अंत में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
– जयंत घोडे
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, जिला पांढुरना