पड़री में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों और समाजसेवियों का भव्य सम्मान समारोह
पड़री (मिर्जापुर)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पड़री क्षेत्र में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी 'जीतू' ने उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, जो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में देवरी दर्पण न्यूज़ चैनल की प्रधान संपादिका सारिका दुबे, दैनिक भास्कर के पत्रकार राहुल तिवारी, राष्ट्र नमन समाचार पत्र के विंध्याचल मंडल प्रभारी पत्रकार अभय कुमार त्रिपाठी, पत्रकार कमलेश दुबे, गुलाब निषाद सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। वहीं भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं मंडल प्रभारी राजेश कुमार सोनकर, भाजपा नेता गोपाल सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संजय मौर्य तथा अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर अभय तिवारी ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों की निष्ठा, संघर्ष और जनसेवा की भावना की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार कमलेश दुबे ने सभी अतिथियों, पत्रकार बंधुओं एवं सम्मानित व्यक्तियों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।