कस्तूरबा विद्यालय में मीना मंच के तहत 12 छात्राओं का मनाया गया जन्मदिन
कस्तूरबा विद्यालय में ‘मीना मंच’ के तहत 12 छात्राओं का मनाया गया जन्मदिन
शाहगंज, जौनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शाहगंज में ‘मीना मंच’ कार्यक्रम के अंतर्गत 12 छात्राओं का सामूहिक जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के माहौल में रंगा नजर आया। छात्राओं को शुभकामनाएं देने के साथ उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामाजिक संस्था मिलन धारा की सचिव रीतु यादव तथा विद्यालय की वार्डन एकता नीलम ने जन्मदिन मना रही छात्राओं को तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर किया। इसके बाद छात्राओं ने अतिथियों के साथ केक काटकर जन्मदिन का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग से विशिष्ट अतिथि श्याम बहादुर यादव भी मौजूद रहे।
जन्मदिन मनाने वाली छात्राओं में प्रिया, रत्ना, प्रतिभा, काजल, सृष्टि, तन्नू, आरुषि, पूजा, शिवांगी, दीक्षा, रूही सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं। अतिथियों ने सभी छात्राओं को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि रीतु यादव ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा विद्यालय के प्रति अपनत्व और सहभागिता की भावना को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्डन एकता नीलम के साथ अध्यापिका किरण मौर्या, प्रियंका सिंह, हर्षिता यादव, अंकिता शुक्ला, रूमा मौर्या, अल्पना सिंह एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।