उत्तर प्रदेश गाजीपुर जिला के.. दुबिहां मोड़ चट्टी पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने दी अंतिम चेतावनी
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के दुबिहां मोड़ चट्टी पर शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद डॉ. हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी जारी की।
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार, तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार विपिन चौरसिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडे तथा करीमुद्दीनपुर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।
पीडब्ल्यूडी के जेई विनोद कुमार ने बताया कि सड़क की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 20-20 फीट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्धारित सीमा के भीतर जिन लोगों ने दुकान, टीनशेड, चबूतरा अथवा अन्य प्रकार का अवैध निर्माण कर रखा है, वे शनिवार तक स्वयं उसे हटा लें।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद रविवार को सरकारी मशीनरी द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यदि प्रशासन को बलपूर्वक अतिक्रमण हटाना पड़ा तो अभियान में होने वाला पूरा खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। जनहित को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए समय रहते स्वयं अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश:
"समय रहते अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा रविवार को बुलडोजर चलेगा और कार्रवाई का खर्च भी स्वयं वहन करना पड़ेगा।"