logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

झज्जर के दुजाना गांव मे दिनदहाड़े व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या....

झज्जर के दुजाना गांव मे दिनदहाड़े व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या। सुरक्षाकर्मी बचाने दौड़ा तो बदमाश भागे; मृतक का बेटा बोला- बिरधाना निवासी आरोपी ने इस होली पर अपनी पत्नी मारी थी तथा 5 साल पहले मेरा भाई ।

झज्जर में आज दोपहर लगभग 2 बजे एक व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक व्यक्ति अपने खेत से साइकिल पर घर जा रहा था तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने व्यक्ति पर फायरिंग कर दी जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दुजाना निवासी विजय सैनी (65) के रूप में हुई है। व्यक्ति को पुलिस सिक्योरिटी भी मिली हुई थी। सुरक्षाकर्मी बदमाशों की तरफ दौड़ा, लेकिन इससे पहले ही वे फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक विजय के बेटे के मुताबिक, बिरधाना गांव के संजय ने जमीनी विवाद में यह हत्या की है। कुछ साल पहले मेरे छोटे भाई की भी हत्या हुई थी, तथा इस साल 3 मार्च को होली पर आरोपी संजय ने अपनी पत्नी की भी 9 गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। मृतक के बेटे सुनील ने बताया कि आज वह और उनके पिताजी खेत में पानी देने के लिए आए थे। दोपहर में पिताजी ने कहा कि वे घर से चाय लेकर आते हैं और साइकिल पर चले गए। कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार दो-दो युवक आए तथा उनसे कुछ दूरी पर एक कार भी खड़ी थी। आगे बताया कि बाइक सवारों ने पिताजी पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर उनका सुरक्षाकर्मी आरोपियों की तरफ भागने लगा, लेकिन उससे पहले ही सभी आरोपी फरार हो गए। जब वे पिताजी के पास गए तो उन्हें 6 से 7 गोलियां लगी हुई थीं, जिनमें से ज़्यादा गोलियां सीने पर लगी थीं। उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सुनील ने बताया कि पिता की बिरधाना गांव निवासी संजय ने जमीनी विवाद में हत्या की है। इसी साल 3 मार्च को उसने अपनी पत्नी अंजलि की भी 9 गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 5 साल पहले संजय ने विजय के छोटे बेटे अनिल सैनी की भी होली पर दुजाना चौक पर गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद ही परिवार को पुलिस सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई थी। 3 मार्च की रात बिरधाना गांव में अंजलि की उसके पति संजय ने घर के बाहर गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी संजय पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज थे और वह एक हत्या के मामले में जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते संजय ने उसे 9 गोलियां मारीं। अंजलि की हत्या के बाद उसके खिलाफ एक और हत्या का मामला दर्ज किया गया तथा वह फरार चल रहा था।

4
485 views

Comment