logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बाजपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 130 लीटर कच्ची शराब बरामद, 12 हजार किलो लहन नष्ट


बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)
, 5 जून।
उत्तराखंड में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बाजपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 130 लीटर कच्ची शराब बरामद की तथा करीब 12 हजार किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
माननीय संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के आदेश तथा सहायक आबकारी आयुक्त एन.आर. जोशी के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र-4 बाजपुर, मंडलीय प्रवर्तन दल (कुमाऊं मंडल), जनपदीय प्रवर्तन दल और क्षेत्र-01 रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने मसीत, केलाखेड़ा, कुईखेड़ा एवं सरकड़ी क्षेत्रों में व्यापक दबिश अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने अवैध शराब निर्माण से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में लगभग 130 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब निर्माण में प्रयुक्त करीब 12,000 किलोग्राम लहन को नष्ट कर दिया गया। विभाग ने इस मामले में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के अंतर्गत तीन अभियोग दर्ज किए हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संयुक्त अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रताप राम, उप आबकारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, विकास रावत, संतोष लोहानी, दीपक दुबे, आबकारी सिपाही वीरेन्द्र कुमार, वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव, रेनुका बोरा एवं गीता जोशी सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।

3
1322 views

Comment